सागर में व्यापारी की कार में तोड़फोड़, सीसीटीवी में दिखे तीन बदमाश
सागर।
कोतवाली थाना क्षेत्र के नमक मंडी इलाके में मंगलवार देर रात एक व्यापारी की कार में अज्ञात बदमाशों ने तोड़फोड़ कर दी। घटना घर के सामने सड़क किनारे खड़ी कार के साथ हुई। वारदात की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नमक मंडी निवासी व्यापारी वीरू साहू के घर में वाहन पार्किंग की सुविधा नहीं है, जिस कारण वे रोजाना अपनी कार घर के सामने सड़क किनारे खड़ी करते हैं। मंगलवार रात भी वे कार खड़ी कर घर के अंदर चले गए।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें तीन बदमाश चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए और हाथों में डंडे लिए हुए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के अनुसार बदमाश दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और कार में जमकर तोड़फोड़ की, इसके बाद फरार हो गए।
घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
व्यापारी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
Comments
Post a Comment